Haridwar News….देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा ध्वज वंदन शताब्दी समारोह आयोजित|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

हरिद्वार। देव संस्कृति विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित ‘ध्वज वंदन शताब्दी समारोह’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रतिभाग किया। समारोह वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के तपस्वी जीवन, निःस्वार्थ सेवा और अखंड साधना के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता का भावपूर्ण प्रकटीकरण बना।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि माताजी का संपूर्ण जीवन त्याग, बलिदान और साधना की वह प्रेरक ज्योति है, जिसने असंख्य लोगों को सही दिशा और जीवन दृष्टि दी। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार किसी एक संगठन तक सीमित नहीं, बल्कि यह व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण उत्थान का चेतना प्रवाह है।

मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान के उल्लेख में कहा कि गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ और आदि कैलाश जैसे तीर्थस्थल भारत की आत्मा की धड़कन हैं। ऐसे पावन परिवेश में आयोजित यह शताब्दी समारोह भारतीय संस्कृति, संस्कार और साधना परंपरा के नवजागरण का सशक्त संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है, सख्त दंगारोधी व धर्मांतरण कानून बनाए गए हैं। अब तक 10 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने समारोह को सेवा, साधना और संस्कार का त्रिवेणी संगम बताया। कहा कि नैतिक मूल्यों और सेवा भाव से ही सशक्त संस्कृति व स्थायी सभ्यता का निर्माण संभव है। यह जनशताब्दी समारोह नवयुग निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि आत्मपरिवर्तन ही सामाजिक और राष्ट्रीय परिवर्तन की प्रथम शर्त है। जब व्यक्ति स्वयं बदलने का साहस करता है, तभी राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखी जाती है।

ad12

इस अवसर पर सूबे के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, दायित्वधारी विनय रुहेला, पत्रकार सुरेश चव्हाण, ईडी के पूर्व निदेशक राजेश्वर सिंह, विधायक मदन कौशिक, दायित्वधारी श्यामवीर सैनी, देशराज कर्णवाल, शोभाराम प्रजापति, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *