Uttarakhand में स्थापित होंगे दो ‘ स्प्रिचुअल इकोनॉमिक जोन ’|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के दोनों मंडलों में एक-एक स्प्रिचुअल इकोनॉमिक जोन (SEZ) स्थापित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तराखंड को वैश्विक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ तीर्थ स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्रों का समग्र विकास किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना पर इसी वित्तीय वर्ष में धरातल पर कार्य प्रारंभ कर दिया जाए। साथ ही योग, ध्यान, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, स्थानीय हस्तशिल्प, पर्वतीय उत्पादों और सांस्कृतिक आयोजनों को विशेष प्रोत्साहन देने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने शीतकालीन यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। कहा कि राज्य के शीतकालीन स्थलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करते हुए यात्रा, आवास, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक उत्तराखंड की प्राकृतिक व सांस्कृतिक विविधता का अनुभव कर सकें। उन्होंने शीतकालीन पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पारंपरिक और आधुनिक माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ जनसामान्य के जीवन स्तर में सुधार लाना और राज्य की आध्यात्मिक और प्राकृतिक धरोहरों को संरक्षित रखते हुए सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ना है। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ठोस कार्यनीति और समयबद्ध मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ad12

बैठक में वर्चुअली जुड़े पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के अलावा बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, धीराज सिंह गर्ब्याल, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा, अपर सचिव अभिषेक रोहिला आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *