सारकोट की तर्ज पर मुरान्यू गांव भी होगा विकसित|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

पौड़ी। चमोली जनपद के आदर्श गांव सारकोट की तर्ज पर जनपद पौड़ी के दुगड्डा ब्लॉक का मुरान्यू गांव भी आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। सीएम के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने ग्रामवासियों व अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि विकास कार्य सिर्फ कागज़ों पर नहीं, बल्कि धरातल पर नज़र आने चाहिए।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सबसे पहले बेसलाइन सर्वे किया जाए, ताकि ग्रामवासियों की वास्तविक जरूरतें और प्राथमिकताएं चिह्नित हो सकें। उन्होंने बीडीओ को विभागीय समन्वय के साथ क्लस्टर आधारित व एकीकृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि गांव में कॉमन वर्क शेड और मशरूम यूनिट स्थापित की जाएगी। समूहों को इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। पंचायती भवन पर बड़े सोलर पैनल लगाए जाएंगे।

सीडीओ नेकृषि विभाग को गांव में घेरबाड़ कार्य बढ़ाने, उद्यान विभाग को क्लस्टर स्तर पर पाली हाउस स्थापित करने और पशुपालन विभाग को कुक्कुट व गौपालन इकाइयां विकसित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को खेतों की सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और उरेडा को नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के साथ सौर ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।

वहीं, मनरेगा के अंतर्गत श्रम आधारित कार्यों को प्राथमिकता देने, रीप के माध्यम से ग्रामीण अवसंरचना एवं रोजगार सृजन को गति देने और एनआरएलएम के जरिए महिला समूहों की आजीविका संवर्धन गतिविधियों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

ad12

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि चयनित गांवों को आदर्श ग्राम बनाकर वहां आजीविका संवर्धन, ऊर्जा समाधान, आधुनिक कृषि, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देना सरकार का उद्देश्य है। विश्वास जताया कि मुरान्यू गांव भी चमोली के सारकोट की तरह ग्रामीण विकास की नई मिसाल बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *