भ्रष्टाचार की समाप्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और एकजुटता आवश्यक: अजय भट्ट|भगवान सिंह रावत की Report
सिटी लाइव टुडे, भगवान सिंह रावत की रिपोर्ट
G-20 Summit : नरेंद्रनगर। G-20 की दूसरी एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप मीटिंग के शुभारंभ पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने मीडिया से अनौपचारिक संवाद किया। कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में दूसरी एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप की बैठक का आयोजन होना सौभाग्य का विषय है। इस बैठक में वैश्विक स्तर पर भ्रष्टाचार नियंत्रण के प्रयासों पर विचार विमर्श एवं मंथन किया जाएगा, जो विश्व को भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई में मार्गदर्शन करेगा।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भ्रष्टाचार की समाप्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और एकजुटता आवश्यक है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई अकेले नहीं लड़ी जा सकती। भ्रष्टाचार अंतरराष्ट्रीय समस्या है, इसलिए इसकी समाप्ति के लिए समन्वित प्रयासों की जरूरत है। भ्रष्टाचार के दुष्प्रभाव भी व्यापक हैं, इसलिए भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई में संस्थागत फ्रेमवर्क मजबूत करने की आवश्यकता है। सार्वजनिक क्षेत्र में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए आईटी का उपयोग आवश्यक है।
बताया कि वर्ष 2018 में अर्जेंटीना में आयोजित जी-20 की बैठक में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नौ बिंदुओं पर चर्चा की गई थी। वर्तमान G-20 और भविष्य में आयोजित होने वाले जी-20 में भी इन बिंदुओं पर चर्चा को आगे बढ़ाया जाएगा।