उत्तराखंडसंपादकीय

Uttarakhand News…पंतनगर में सीएम ने किया 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का शुभारम्भ |Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

पंतनगर। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने के साथ ही विश्वविद्यालय के प्रकाशित साहित्य का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि मेले किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं। यहां उन्हें नई तकनीकों, नवाचारों और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी मिलती है। वैज्ञानिकों से सीधे संवाद का अवसर भी प्राप्त होता है। उन्होंने किसानों को देश का अन्नदाता और वास्तविक नायक बताते हुए कहा कि उनके परिश्रम से ही देश की खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के 10 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिल रहा है, जबकि उत्तराखंड के नौ लाख से अधिक किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। हाल ही में योजना की एक और किस्त जारी की गई है।

उन्होंने बताया कि राज्य में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए घेराबाड़ योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार से पहली किस्त के रूप में 25 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। साथ ही किसानों को तीन लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के उपलब्ध कराया जा रहा है। पॉलीहाउस योजना के तहत 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें अब तक 115 करोड़ रुपये की लागत से 350 पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1200 करोड़ रुपये की लागत से नई सेब नीति लागू की गई है। सात एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं। ड्रैगन फ्रूट जैसी नई फसलों को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। प्रतिदिन लगभग 20 हजार लोग इसमें भाग ले रहे हैं।

ad12

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक तिलकराज बेहड, मेयर विकास शर्मा, दर्जामंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व दर्जामंत्री राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *