Uttarakhand Samachar….केंद्रीय बजट में देश व राज्यों के समग्र विकास का रोडमैपः धामी|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
देहरादून। संसद में पेश केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। सीएम ने इसे देश और राज्यों के विकास को नई दिशा देने वाला बजट बताया। कहा कि यह बजट आर्थिक प्रगति को गति देने के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों के लिए अवसरों का विस्तार करता है और “सबका साथ-सबका विकास” के संकल्प को मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी एवं समावेशी बजट के लिए बधाई दी। कहा कि बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचितों, छोटे उद्यमियों और पिछड़े वर्गों के हितों को विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है। रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए प्रावधान देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगे।
सीएम धामी ने कहा कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना पर्वतीय राज्यों के पर्यटन को नई ऊंचाई देगी। उत्तराखंड के संदर्भ में बजट का फोकस पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर होना राज्य के दीर्घकालिक विकास के लिए आवश्यक है। किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और डेयरी से जुड़े प्रावधान ग्रामीण व पर्वतीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण एवं ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार के साथ पूरा सहयोग करेगी।
