Pauri News…DM ने की नगर निकायों की योजनाओं की समीक्षा|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निकायों के सभी लंबित कार्यों को तत्काल शुरू किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुंचे और विकास कार्य धरातल पर साफ दिखाई दें।

डीएम ने सभी नगर निकायों को शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर नए कैमरे लगाने को कहा गया। कूड़ा बीनने वालों का अनिवार्य सत्यापन भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने नालियों की मरम्मत और सफाई कार्यों में तेजी लाने, जहां कार्य अधूरे हैं वहां तत्काल शुरू करने को कहा। सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए नियमित छापेमारी के निर्देश भी दिए गए। तरल अपशिष्ट प्रबंधन पर फोकस करते हुए सभी नगर निकायों को सक्शन मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और कहा कि धन की कमी के कारण कोई भी कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।

जिन नगर निकायों में गो सदन के लिए भूमि चिन्हीकरण नहीं हुआ है, उन्हें शीघ्र भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। गो सदनों में पशुओं की अधिक मृत्यु की स्थिति में मुख्य चिकित्साधिकारी से समन्वय कर कारणों और सुविधाओं की समीक्षा करने को कहा गया।

डॉग बाइट की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए डीएम ने डॉग शेल्टर और निराश्रित श्वानों के वंध्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने श्रीनगर, पौड़ी और कोटद्वार में इन कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रित हो सके।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पुराने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। शहरों में अतिक्रमण चिन्हित कर संयुक्त निरीक्षण और प्रतिदिन की कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। रजत जयंती पार्कों के निर्माण में तेजी लाने और नगरीय क्षेत्रों में सामुदायिक चिल्ड्रन पार्क विकसित करने की बात भी कही गई।

पीएम स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, फड़-ठेली संचालकों का सत्यापन, पीएम विश्वकर्मा योजना, यूसीसी पंजीकरण, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों और ई-ऑफिस की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने मुख्यमंत्री घोषणाओं पर लंबित कार्यवाहियों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

ad12

बैठक में नगर आयुक्त श्रीनगर नूपुर वर्मा, अधिशासी अधिकारी पौड़ी गायत्री बिष्ट, थलीसैंण दीपक प्रताप, सतपुली पूनम, सिटी मैनेजर पीएम स्वनिधि जगदीश रतूड़ी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *