Uttarakhand News….महाराज ने गुलदार हमले में घायल महिला का जाना हाल |Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस-हरिद्वार
ऋषिकेश। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर पौड़ी गढ़वाल की गुलदार हमले में गंभीर रूप से घायल महिला कंचन नेगी (29) का हालचाल जाना। उन्होंने ट्रॉमा आईसीयू में भर्ती महिला के उपचार से जुड़ी जानकारी डॉक्टरों की टीम से प्राप्त की।

एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने मंत्री को बताया कि महिला बेहद गंभीर स्थिति में अस्पताल लाई गई थी। गले की भोजन नली और सांस नली में गहरे घाव होने के चलते उसे तुरंत ट्रॉमा आईसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ सर्जनों की निगरानी में सघन उपचार शुरू किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी हालत पर नजर रखे हुए है और तेजी से रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बता दें, पौड़ी गढ़वाल के पोखड़ा क्षेत्र स्थित देवराड़ी तल्ला में बुधवार को घास काटते समय गुलदार ने कंचन नेगी पर अचानक हमला कर दिया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एयरलिफ्ट कर एम्स भेजा गया।

मंत्री सतपाल महाराज ने महिला के परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान ट्रॉमा सर्जन डॉ. नीरज कुमार, डॉ. रूबी कटारिया, संस्थान के पीआरओ संदीप कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
