Doon News…विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में लाएं तेजी|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में राज्य स्तरीय दिशा समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में कृषि, ग्रामीण विकास, शहरी विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, पर्यावरण एवं खेल से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग शीघ्र लाभान्वित हो सकें। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और विभागों के बीच आपसी समन्वय को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि राज्य को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए ठोस और सार्थक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने तकनीकी युग में योजनाओं की निगरानी और संचालन के लिए आधुनिक डिजिटल प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग करने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुँचाने के लिए सभी विभागों द्वारा समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।

कृषि और ऊर्जा क्षेत्र पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा आधारित पंपों की स्थापना की गति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को सिंचाई के साधन सुलभ होंगे और राज्य ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा।

साथ ही, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत शेष गांवों को शीघ्र सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला है, विशेषकर राज्य के दुर्गम इलाकों के लिए यह आवश्यक है।

उन्होंने योजनाओं की सफलता में जनप्रतिनिधियों व स्थानीय जनता की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे नियमित रूप से जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करें और योजनाओं की प्रगति साझा करें।

ad12

बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, डॉ. कल्पना सैनी, विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर, रेनू बिष्ट, सुरेश गड़िया, शक्तिलाल शाह, हरीश धामी, मनोज तिवारी, प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव राधिका झा, नितेश झा, बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, एस.एन. पांडेय, आर. राजेश कुमार, धीराज गर्ब्याल, श्रीधर बाबू अद्दांकी, युगल किशोर पंत, रणवीर सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *