Almora News…राज्यपाल ने अधिकारियों से की विकास कार्यों पर चर्चा|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

अल्मोड़ा। राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह ने सर्किट हाउस में आला अधिकारियों के साथ जनपद के मसलों पर चर्चा के दौरान उन्हें विकास योजनाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्यपाल ने दीदी की रसोई नामक फूड वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।



शुक्रवार को राज्यपाल गुरमीत सिंह के अल्मोड़ा पहुंचने पर डीएम आलोक कुमार पांडेय, एसएसपी देवेंद्र पींचा और सीडीओ दिवेश शाशनी ने स्वागत किया। सर्किट हाउस में बैठक के दौरान डीएम ने पीपीटी के माध्यम से राज्यपाल को जनपद के विकास कार्यों और और उपलब्धियों से अवगत कराया। बताया कि जनपद में विकास के लिए कई कदम उठाए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।



डीएम ने बताया कि खनन न्यास से सरकारी स्कूलों में अस्थायी अध्यापकों की तैनाती कर शिक्षकों की कमी को दूर करने का प्रयास किया गया है। मुंबई की पेस अकादमी के साथ समन्वय कर स्कूली बच्चों को निःशुल्क नीट व इंजीनियरिंग की कोचिंग कराई जा रही है। बताया कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। अल्मोड़ा नगर में पिंक ई-रिक्शा का संचालन किया गया है। सरकारी सहायता से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ई-रिक्शा के संचालन से उनको स्वरोजगार से जोड़ा गया है, जिससे इन महिलाओं की आर्थिकी में सकारात्मक परिवर्तन हुआ है।



इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जाए, जिससे उनकी आर्थिकी में लाभकारी बदलाव आए। जनपद में नशीले पदार्थों की आपूर्तिकर्ताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाए। अल्मोड़ा को नशा मुक्त करने के लिए कार्य किए जाएं।

ad12



इसके बाद राज्यपाल ने ‘दीदी की रसोई’ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दीदी की रसोई के नाम से संचालित यह वाहन चलती-फिरती कैंटीन है। जिसका संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी। वैन में खाना, स्नैक्स और फास्ट फूड उपलब्ध रहेगा।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम्य विकास विभाग और हिमोत्थान (रीप) परियोजना के माध्यम से इस चलती-फिरती दीदी की रसोई का वित्त पोषण किया गया है। इसके माध्यम से नॉन फॉर्मिंग गतिविधियों में महिलाओं की आजीविका बढ़ाने का प्रयास किया गया है। राज्यपाल द्वारा समूह की महिलाओं के प्रयास को सराहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *