DM ने जूस पिलाकर कराया आत्मबोधानंद का अनशन समाप्त | विकास झा की रिपोर्ट

CITY LIVE TODAY. VIKASH JHA
हरिद्वार जिलाधिकारी की पहल पर मातृ सदन के प्रमुख स्वामी शिवानंद के शिष्य ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद ने 45वें दिन अपना अनशन समाप्त कर दिया है। जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे ने उन्हें जूस पिलाकर अनशन को समाप्त कराया। इसके पर्व जिलाधिकारी ने गुरुवार को आश्वासन दिया था कि वे उनकी मांगों को लेकर उत्तराखंड सरकार को पत्र लिखेंगे। इसके बाद ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद ने शहद लेना शुरू कर दिया था।
शुक्रवार को जिलाधिकारी एक बार फिर उन्हें मनाने आश्रम पहुंचे। उन्होंने स्वामी शिवानंद को बताया कि उन्होंने शासन को मातृ सदन की मांगों पर कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। डीएम के आश्वासन पर स्वामी शिवानंद संतुष्ट हो गए और उन्होंने अनशन समाप्त करने की अनुमति दे दी। इसके बाद डीएम ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया। इसके साथ ही उन्होंने साध्वी पद्मावती के लिए फिजियोथैरेपिस्ट की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। डीएम विनय शंकर पांडे ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ उन्होंने 118 वाहनों को सीज किया है ।आगे भी यह कार्यवाही जारी रहेगी अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
स्वामी शिवानंद ने भी डीएम की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि हरिद्वार में लंबे समय के बाद एक ईमानदार डीएम ने कार्यभार संभाला है। डीएम को गंगा के साथ संतो के प्राणों की भी चिंता है। इसलिए उन्होंने अपने स्तर से व्यापक कार्रवाई करते हुए अनशन को समाप्त करवा दिया।।
बताते चलें कि गंगा स्वच्छता और मातृ सदन की लड़ाई से जुड़ी 6 सूत्रीय मांगों को लेकर मातृ सदन के प्रमुख स्वामी शिवानंद के शिष्य ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद का अनशन पिछली 18 अगस्त से जारी था। शुक्रवार को आत्मबोधानंद ने 45वें दिन अपना अनशन समाप्त कर दिया। गुरुवार को अनशन समाप्त कराने हरिद्वार जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय और एसएसपी योगेंद्र रावत मातृ सदन पहुंचे थे। मातृ सदन में अनशन को समाप्त कराने के लिए आश्रम के संस्थापक स्वामी शिवानंद से लंबी वार्ता की थी।


इस दौरान उन्होंने अनशन को समाप्त कराने का अनुरोध किया था, लेकिन स्वामी शिवानंद ने मांगों पर कार्रवाई से पूर्व अनशन समाप्त करने से इंकार कर दिया था। जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया था कि जल्द ही मातृ सदन की मांगों को लेकर उत्तराखंड सरकार को पत्र लिखेंगे। शुक्रवार को उन्होंने अपना वादा निभाते हुए शासन को पत्र लिखा और मातृ सदन में जाकर स्वामी शिवानंद को अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने आत्मबोधानंद को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।इस मौके अपर जिलाधिकारी वीर सिंह बुदियाल, जिला सूचना अधिकारी प्रमोद तिवारी ब्रह्मचारी दयानंद, ब्रह्मचारी सुधानंद, डॉ विजय वर्मा वर्षा वर्मा , सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
