Doon News…..सीएम धामी ने जलशक्ति मंत्री से की हरिद्वार कुंभ पर चर्चा |Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों और नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ 2027 के सफल, सुव्यवस्थित और पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) के अंतर्गत ₹408.82 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक प्रस्तावित इस महा आयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
धामी ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹253 करोड़ के प्रस्तावों को स्वीकृति देने, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त धनराशि जारी करने और इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार के संबंध में भी केंद्रीय सहयोग का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर असिंचित भूमि की सिंचाई हेतु 665 क्यूसेक अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इन योजनाओं से लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है। साथ ही क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। गंगा संरक्षण के लक्ष्य को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
