उत्तराखंडसंपादकीय

चमोली के नंदानगर में बादल फटने से मची तबाही..10 लोग लापता, कई मवेशी बहे|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

चमोली गढ़वाल। उत्तराखंड में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन किसी न किसी छोर से भारी बारिश और बादल फटने की खबरें आ रही हैं। अब बुधवार की रात चमोली जिले में घाट तहसील के नंदानगर क्षेत्र में बादल फटने से तबाही मच गई। दो गांवों कुंतरी लगा फाली और धुरमा में 10 लोगों के लापता होने की खबर है। घटना के बाद रेस्क्यू टीम और प्रशासन मौके पर पहुंच कर राहत व बचाव में जुट गया है। हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है।

बुधवार की रात करीब एक बजे भारी बारिश के दौरान नंदानगर नगर पंचायत के कुंतरी लगाफाली, कुंतरी लगा सरपाणी और धूरमा में बादल फटने की घटना हुई। देखते ही देखते सैलाब में बह कर आए मलबे में दो दर्जन से अधिक भवन और गोशालाएं दब गई, तो कई मवेशी बह भी गए। बताया जा रहा है कि कुंतरी लगा फाली में 8 और धुरमा में 2 लोगों के लापता होने की सूचना है।

खबरों के मुताबिक मोक्ष गाड के उफान पर आने से सेरा गांव में कई मकान बह गए। नंदप्रयाग-नंदानगर मोटर पुल भी खतरे की जद में आ गया। पेट्रोल पंप और पुराना बाजार से जोड़ने वाला पुल भी बह गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम चमोली, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि घटनास्थल पर तेजी से रेस्क्यू शुरू कर दिया गया है। मेडिकल टीम, और तीन एंबुलेंस मौके पर भेज दी गई हैं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘जनपद चमोली के नंदानगर घाट क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से आसपास के घरों को क्षति पहुंचने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। स्थानीय प्रशासन एसडीआरएफ व पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इस संबंध में निरंतर प्रशासन से संपर्क में हूं और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।

कुंतरी लगा फाली में लापता लोगों के नाम
कुंवर सिंह पुत्र बलवंत सिंह (उम्र लगभग 42 वर्ष)
कांता देवी पत्नी कुंवर सिंह (38 वर्ष)
विकास पुत्र कुंवर सिंह (10 वर्ष)
विशाल पुत्र कुंवर सिंह (10 वर्ष)
नरेंद्र सिंह पुत्र कुताल सिंह (40 वर्ष)
जगदंबा प्रसाद पुत्र ख्याली राम (70 वर्ष)
भागा देवी पत्नी जगदंबा प्रसाद (65 वर्ष)
देवेश्वरी देवी पत्नी दिलबर सिंह (65 वर्ष)

धुरमा गांव में लापता लोगों के नाम
गुमान सिंह पुत्र चंद्र सिंह (75 वर्ष)
ममता देवी पत्नी विक्रम सिंह (38 वर्ष)

सीएम ने किया किमाड़ी में आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा
अधिकारियों को दिए हालात सामान्य होने तक वैकल्पिक व्यवस्थाओं के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित मसूरी रोड और किमाड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य सड़कों को जल्द सुचारू किया जाएगा। साथ ही तब तक आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को शीघ्र सामान्य करने के लिए सभी संबंधित विभाग युद्धस्तर पर कार्य करें। प्रभावित परिवारों को आपदा मानकों के अनुसार त्वरित आर्थिक सहायता व मूलभूत सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिन क्षेत्रों में आवागमन अवरुद्ध है, वहां प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक मार्ग व राहत शिविर स्थापित किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी है। प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

ad12

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति विनय रोहिल्ला, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, डीएम सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *