स्वर्गाश्रम क्षेत्र में अवैध वेंडरों और अतिक्रमण को हटाएं: DM|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस-

ऋषिकेश। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में स्वर्गाश्रम स्थित गीता आश्रम परिसर में तहसील दिवस आयोजित किया गया। तहसील दिवस पर कुल 09 शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमे से 04 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को एक पखवाड़े का समय दिया गया है।

मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में ग्राम पंचायत घायखाल के मनोज नेगी ने यमकेश्वर के तोक ढ़िकेडा, गौरीखेत, थपड़ियालखेत में बिजली के खंभों की स्थिति जर्जर होने की शिकायत की। डीएम ने अधिशासी अभियंता यूपीसीएल को प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

सभासद जितेंद्र सिंह धाकड़ ने नगर पंचायत क्षेत्र में लावारिश गो वंश के लिए आश्रय स्थल बनाने की आवश्यकता बताई। जिसपर डीएम ने पशुपालन विभाग व नगर पंचायत को पुलिस के साथ लावारिस पशुओं पर रोक लगाने निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि लापरवाही पर क्षेत्रीय पशु चिकित्साधिकारी और नगर पंचायत के संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। वहीं, डीएम ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मिनी स्टेडियम बनाने को लेकर जिला क्रीड़ा अधिकारी को कार्यवाही के निर्देश दिए।

नगर पंचायत क्षेत्रांतर्गत अवैध रेड़ी व ठेली के कारण आवागमन प्रभावित होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पंचायत जौंक के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए, यदि राजस्व विभाग के साथ मिलकर अवैध वेंडर्स व अवैध अतिक्रमण को नहीं हटाया गया तो आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

गैंड़खाल के ग्रामीणों की पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। अन्य शिकायतें राजस्व व नगर निकाय आदि से संबंधित थी।

ad12

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष बिंदिया अग्रवाल, एएमए जिला पंचायत डॉ. सुनील कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल नंदिता अग्रवाल, अधिशासी अभियंता जल निगम आशीष मिश्रा, एआरटीओ शशि दुबे, महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग, खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय, जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप डुकलान, नायब तहसीलदार वैभव जोशी, एसडीओ जल संस्थान देवकीनंदन जोशी, सहायक अभियंता लोनिवि अनुज चौहान, सहायक अभियंता लघु सिंचाई राजीव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *