IBFF ने नरेश सिंह नयाल पर जताया भरोसा, लगातार दूसरी बार सौंपी टेक्निकल डायरेक्टर की कमान|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
नरेश सिंह नयाल को आईबीएफएफ (Indian Blind Football Federation) पार्शियली साइटेड ब्लाइंड फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए लगातार दूसरी बार टेक्निकल डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फेडरेशन ने उनके कार्य और ब्लाइंड फुटबॉल के क्षेत्र में लंबे अनुभव को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
यह टूर्नामेंट का दूसरा संस्करण है, जो 29 से 31 अगस्त 2026 तक मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ट्रेनिंग सेंटर फॉर द डिसेबल्ड में आयोजित होगा। इस बार टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। पिछले संस्करण में आठ टीमें शामिल हुई थीं, जबकि इस बार पश्चिम बंगाल और बिहार की टीमें भी प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
नयाल की नियुक्ति पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री मंजू ने भी खुशी जताई। उन्होंने इसे विद्यालय और संस्थान दोनों के लिए गौरव का पल बताते हुए नयाल को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संस्थान अपने कर्मचारियों को ऐसे विशेष अवसर प्रदान करता रहा है और खेलों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करता है।

नरेश सिंह नयाल राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान, देहरादून में फिजिकल एजुकेशन इंस्ट्रक्टर के पद पर कार्यरत हैं। वह पिछले कई वर्षों से इंडियन ब्लाइंड फुटबॉल टीम के सहायक कोच और गोलगाइड के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

नयाल ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल अल्प दृष्टिवान खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए खिलाड़ियों का मेडिकल परीक्षण अनिवार्य है। इस संस्करण में केवल पुरुष टीमों को ही प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अनुमति होगी।
